कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 35वां वार्षिक दीक्षांत समारोह 4 अप्रैल को सुबह 10 बजे श्रीमद्भगवद्गीता सदन (ऑडिटोरियम) में आयोजित किया जाएगा। समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राजेश बिंदल अतिविशिष्ट अतिथि और पंजाब व हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति शील नागू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर करीब तीन हजार विद्यार्थियों को उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। दीक्षांत समारोह के लिए अब तक 2046 पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं।
परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, 3 अप्रैल को दोपहर 3 बजे अनिवार्य रिहर्सल आयोजित की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों के लिए इसमें शामिल होना जरूरी है। रिहर्सल में अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को मुख्य समारोह में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
समारोह के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है। पुरुषों के लिए सफेद कुर्ता-पायजामा या सफेद शर्ट-पैंट के साथ काले जूते, सैंडल और महिलाओं के लिए क्रीम रंग की साड़ी (गोल्डन बॉर्डर सहित) या सफेद सलवार-कमीज निर्धारित की गई है। डिग्री के अनुसार स्टॉल के रंग भी तय किए गए हैं। पीएचडी के लिए नेवी ब्लू, स्नातकोत्तर के लिए ऑरेंज और स्नातक के लिए ग्रीन स्टॉल रहेगा।
दीक्षांत समारोह का सामूहिक फोटो बनेगा यादगार
इस बार समारोह में सामूहिक फोटो की विशेष व्यवस्था की गई है। करीब 100 स्टैंडिंग पैनल तैयार किए गए हैं, जहां मुख्य अतिथि, शिक्षकों और विद्यार्थियों के समूह फोटो लिए जाएंगे जिससे यह आयोजन यादगार बन सके।
विद्यार्थी शिक्षकों के साथ भी खिंचवा सकेंगे फोटो
दीक्षांत समारोह के बाद विद्यार्थी अपने-अपने विभागों में जाकर शिक्षकों के साथ समूह फोटो खिंचवा सकेंगे। इसके लिए विश्वविद्यालय की ओर से बैनर भी उपलब्ध करवाए गए हैं।