संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। एक अच्छा फोटोग्राफर बनने के लिए विद्यार्थियों को कैमरे की समझ होना बहुत जरूरी है। कोई भी व्यक्ति फोटो को क्लिक पहले दिमाग से करता है। बाद में कैमरे के जरिये उसको असल रूप देता है। यह बातें राजकीय महिला महाविद्यालय चीका के सहायक प्राध्यापक डॉ. अजय कुमार ने कही। वे मंगलवार को जनसंचार एवं प्रौद्योगिकी संस्थान की दो दिवसीय कार्यशाला के समापन अवसर पर बोल रहे थे।
डॉ. अजय ने विद्यार्थियों को कैमरे के विभिन्न प्रकार, लेंस व फोटोग्राफी की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि एक अच्छा फोटोग्राफर बनने के लिए विद्यार्थियों को फोटो कंपोजिशन की समझ होना भी जरूरी है। इसके लिए विद्यार्थियों को कैमरे पर निरंतर अभ्यास कर इसे सीखने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने दुनिया के कुछ प्रसिद्ध फोटोग्राफर के काम को भी विद्यार्थियों के सामने प्रस्तुत किया।
दूसरे सत्र में दिल्ली के लाइफ स्टाइल फोटोग्राफर मनीष कुमार ने कहा कि फोटो अपने आप में एक कहानी को बया करती है और किसी सामाजिक परिदृश्य को भी रेखाकिंत करती हैं। इसलिए समाज को समझने के लिए फोटो का अपना एक विशेष महत्व है। कहा कि हम अपने दैनिक जीवन में अपने आस-पास के लोगों के फोटो क्लिक करते हैं। उन लोगों के साथ हमारे भाव जुड़े होते हैं। व्यक्तिगत फोटोग्राफी में भावों का विशेष महत्व है।
उन्होेंने कहा कि एक अच्छा फोटोग्राफर बनने के लिए इमोशन की समझ होना बहुत ही जरूरी है। फोटो हमारे जीवन में हो रहे बदलाव के निर्णायक पलों को भी रेखांकित करते हैं। मनीष कुमार ने फोटो में रंगों के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि फोटो अपने आप में एक कहानी व जीवन है और वर्तमान जीवन में कोई भी कहानी बिना रंग के नहीं कही जा सकती। कहानी को कहने के लिए एक फोटोग्राफर को फोटो कलर की समझ होना जरूरी है।
इस अवसर पर कार्यशाला के संयोजक सहायक प्रोफेसर डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि लगभग 15 घंटे की कार्यशाला में विद्यार्थियों को फोटोग्राफी के उन व्यावहारिक पहलुओं के बारे में जानकारी मिली जो पिछले दो वर्षों से ऑनलाइन क्लास के कारण वंचित रह गए थे। उन्होंने बताया कि 24 व 25 मार्च को संस्थान में ऑडियो-वीडियो संपादन पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर विभाग के शिक्षक डॉ. रोशन लाल, डॉ. प्रदीप कुमार सहित विद्यार्थी प्रियंका जून, अंजली नैन, संगीता, पूजा, ऋषभ शर्मा, विशाल यादव, स्नेहा, दीपा, प्रीति, देवेंद्र, कुलदीप, अमनदीप, कनिष्का, विकास, सुदीप, जितेश आदि मौजूद रहे।