कुरुक्षेत्र। गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। जहां तेज धूप व लू लगातार बढ़ रही है वहीं उमस भरी गर्मी से भी जन जीवन बेहाल होने लगा है। शनिवार को भी दिन भर ऐसे ही हालात बने रहे, जिससे हर कोई परेशान दिखाई दिया। अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री तो न्यूनतम 27.2 डिग्री दर्ज किया गया जबकि आज रविवार भी यही पारा रहने की संभावना है। अगले तीन दिन तक गर्मी खूब सताने वाली रहेगी, जिसके बाद मौसम में बदलाव से कुछ राहत की उम्मीद जताई जा रही है।
उधर स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक गर्मी के मौसम में लू लगने का खतरा बढ़ जाता है, खासकर धूप में घूमने वालों, खिलाड़ियों बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को लू लगने का डर ज्यादा रहता है। लू लगने पर उसके इलाज से बेहतर है, हम लू से बचे रहें यानी बचाव इलाज से बेहतर है। जिला प्रशासन द्वारा जनहित में लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की गई है, जिसका सभी पालन करते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा बनाए रखें।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
गर्मी के बढ़ते प्रभाव के चलते जिला प्रशासन की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। जिला उपायुक्त ने इसका पालन करने का भी आह्वान किया है। एडवाइजरी में बताया गया कि गर्मी में हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें, अपना सिर ढककर रखें, कपड़े, हैट अथवा छतरी का उपयोग करें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं-भले ही प्यास न लगी हो, ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन), घर में बने पेय जैसे लस्सी, तोरानी (चावल का मांड) नींबू पानी, छाछ आदि का सेवन कर तरोताजा रहें।
जंक फूड हो सकता है हानिकारक
जिला प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी में बताया गया कि गर्मी के मौसम में जंक फूड का सेवन न करें। ताजे फल, सलाद तथा घर में बना खाना खाएं। खासतौर से दोपहर 12 बजे से सायं तीन बजे के बीच धूप में सीधे न जाएं। यदि बच्चे को उल्टी, घबराहट अथवा तेज सिरदर्द हो, सीने में दर्द हो अथवा सांस लेने में कठिनाई हो तो चिकित्सक को दिखाएं।