कुरुक्षेत्र। एलएनजेपी अस्पताल में पिछले 33 दिन से अल्ट्रासाउंड केंद्र पर ताला लटका हुआ है। इस सेवा के ठप पड़ने से मरीजों खासकर गर्भवतियों को काफी परेशानी झेलने को मजबूर होना पड़ रहा है। अल्ट्रासाउंड के लिए गर्भवतियों को अन्य जिलों में रेफर किया जा रहा है। वहीं अन्य मरीज निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों की ओर रुख करने को मजबूर हैं, जहां पर उनको जेब ढीली करनी पड़ रही है।
रेडियोलॉजिस्ट डॉ. लज्जा राम अस्पताल में अनुबंध तौर पर काम कर रहे थे। 30 सितंबर को उनका कार्यकाल समाप्त हो गया, जिसके बाद उन्होंने आगामी कार्यकाल में अनुबंध पर काम करने से इनकार कर दिया। तभी से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा ठप पड़ी है। एक माह से अधिक का समय बीतने के बाद भी अस्पताल प्रबंधन किसी रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था नहीं कर पाया। इसके चलते मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा से वंचित होना पड़ रहा है। अस्पताल में प्रतिदिन करीब 80 गर्भवती अल्ट्रासाउंड कराने के लिए आती हैं। इसके अलावा पेट से संबंधित रोग के भी 50 से ज्यादा मरीज पहुंचते हैं, मगर उनको मायूस ही लौटना पड़ता है। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए आ रही गर्भवतियों को करनाल और अंबाला समेत नजदीक जिले के अस्पताल में रेफर किया जा रहा है। वहीं पेट से संबंधित रोगी को बाहर से अल्ट्रासाउंड के लिए भेजा जा रहा है।
हाल-फिलहाल में अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा बहाल होती नहीं दिख रही है। हालांकि अस्पताल प्रबंधन किसी चिकित्सक को प्रशिक्षण दिलाकर सुविधा शुरू करने का दावा करा रहा है, मगर इसमें भी लंबा वक्त लग सकता है। वहीं कुछ विशेषज्ञ भी साक्षात्कार के लिए पहुंचे थे, लेकिन समाधान नहीं हो सका।
बाक्स
फोटो 32
किया जा रहा प्रयास : डॉ. अनुपमा सिंह
प्रधान चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) डॉ. अनुपमा सिंह ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन के साथ जिला स्वास्थ्य विभाग सेवा बहाल करने के लिए प्रयासरत है। शाहाबाद में एक चिकित्सक को प्रशिक्षण भी दिलाया जा रहा है। उम्मीद है कि कुछ दिनों में ही कम से कम तीन दिन के लिए सेवा को शुरू कर दिया जाएगा।