कुरुक्षेत्र/लाडवा। लाडवा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में इमिग्रेशन एजेंटों ने विदेश भेजने का झांसा देकर दो युवकों से 24 लाख रुपये ठग लिए। दोनों आरोपी गिरफ्त से बाहर हैं और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में लाडवा के किशनगढ़ गांव निवासी किसान प्रगट सिंह के बेटे अरमानदीप सिंह को कनाडा भेजने का लालच दिया।
आरोपी एजेंट हर्षदीप सिंह ने उनसे 18.70 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने कुल 40 लाख रुपये का खर्च बताकर पहले 11.70 लाख रुपये और बाद में 12 दिसंबर 2024 को सात लाख रुपये और ले लिए। कई माह बाद भी वीजा और टिकट का वादा पूरा नहीं हुआ। रुपये वापस मांगने पर धमकी दी कि उसके पिता पुलिस में हैं और वह खुद हाईकोर्ट में वकील है। शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
वहीं दूसरे मामले में ध्यांगला गांव निवासी शौकत अली के बेटे अनीश को अमेरिका भेजने का आश्वासन देकर यमुनानगर जिले के रादौर के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर पिता-पुत्र खुर्शीद और सलमान ने साढ़े छह लाख रुपये ठगे।
आरोपियों ने कुल 40 लाख रुपये मांगे और एडवांस में दो लाख नकद और साढ़े चार लाख रुपये ऑनलाइन लिए। जून 2024 में अनीश को दुबई भेज दिया, जहां उसे करीब पांच माह तक परेशान किया गया।
अमेरिका भेजने का वादा करते रहे लेकिन बाद में इन्कार कर दिया। अनीश को भारत लौटना पड़ा। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने अपील की है कि विदेश भेजने के नाम पर ठगी के मामलों को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। किसी भी एजेंट या संस्था पर भरोसा करने से पहले उसका लाइसेंस और पंजीकरण अवश्य जांचें।