संदिग्ध परिस्थितियों में मिले दो शव
- फोटो : istock
रेलवे पुलिस को सुंदरपुर रेलवे पुल के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक और युवती के शव मिले। मृतकों की पहचान सिरसा जिले के ढुकड़ा गांव निवासी सुभाष और फतेहाबाद जिले के ईशर ढाणी निवासी तारावती के रूप में हुई। दोनों आपस में रिश्तेदार थे और पिछले तीन वर्षों से उनके बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
GRP जांच अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह सवा नौ बजे सुंदरपुर रेलवे पुल के नीचे शव मिले। घटनास्थल से सल्फास की गोलियां बरामद हुईं, जिससे प्रतीत होता है कि दोनों ने आत्महत्या के लिए सल्फास का सेवन किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल, कुरुक्षेत्र भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। मौत के कारणों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।
मृतक सुभाष के पिता भानीराम ने बताया कि सुभाष को दो बच्चे थे और तारावती के भी दो बच्चे थे। सुभाष गांव में गोलगप्पे की रेहड़ी लगाता था, लेकिन पिछले दो महीनों से बेरोजगार था। दोनों के बीच तीन साल से प्रेम-प्रसंग था, जिसके चलते वे पहले भी कई बार आत्महत्या की कोशिश कर चुके थे। पंचायत स्तर पर उन्हें समझाने की कोशिश की गई थी।
18 जून से लापता थे दोनों
भानीराम ने बताया कि सुभाष और तारावती 18 जून से अपने-अपने घरों से लापता थे। उनकी गुमशुदगी की शिकायत सिरसा जिले की जमाल पुलिस चौकी में दर्ज की गई थी। सुभाष के खिलाफ नाथूसरी चौपटा थाना और जमाल चौकी में पहले भी शिकायतें दर्ज की गई थी। GRP ने दोनों पक्षों के परिजनों के बयान दर्ज किए हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जो मौत के कारणों को स्पष्ट करेगी।