कुरुक्षेत्र। झांसा के निकटवर्ती गांव से 20 मई को लापता हुई किशोरी का अभी कोई सुराग नहीं लगा है। किशोरी का सुराग न लगने के कारण परिजनों में चिंता देखी जा रही है। उसके पिता ने बताया कि उनकी बेटी का पंजाब के अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में होने का पता चला था। उसके बाद सोमवार की रात से ही अपनी बेटी को अमृतसर में तलाश कर रहे हैं। वहीं किशोरी के परिजन व गांववासी मंगलवार को पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया से मिले। उन्होंने मामला झांसा पुलिस से सीआईए को सौंपने की मांग की। ग्रामीणों की मांग पर पुलिस अधीक्षक ने मामला सीआईए को सौंप दिया है।
बता दें कि 20 मई को झांसा के अंतर्गत एक गांव से किशोरी उस समय लापता हो गई थी, जब वह ट्यूशन पढ़ने के बाद घर नहीं लौटी थी। किशोरी समीप के गांव के स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। देर शाम तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने किशोरी की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला था। शिकायत पर थाना झांसा में उसकी गुमशुदगी दर्ज है।
वहीं थाना झांसा प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि लापता किशोरी के मामले की जांच पुलिस अधीक्षक ने सीआईए को सौंप दी है। किशोरी के परिजन व ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को मिले थे। किशोरी के अमृतसर के गुरुद्वारे में होने की बात सामने आई थी।