पांचवा दिन भी कोरोना के केस से खाली नहीं रहा। मंगलवार को लाडवा के गांव बन और गोबिंद गढ़ में दो तथा शाहाबाद के गांव जंदेड़ी में एक बुजुर्ग महिला के कोरोना सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन तीनों मरीजों के संपर्क में आने वाले कुल 36 लोगों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा लिए गए है। इन तीनों मरीजों को मुलाना अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। शाहाबाद के गांव जंदेड़ी की 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला डायलसिस करवाने के लिए कई बार अंबाला सिविल अस्पताल में गई, इसलिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अनुमान लगा रहे है कि अस्पताल से ही महिला कोरोना वायरस के संपर्क में आई है, इस महिला के संपर्क में आने वाले 5 लोगों के सैंपल लिए गए है।
गांव गोबिंद गढ़ निवासी 28 वर्षीय युवक गाजियाबाद से रोजाना सब्जी लाने के लिए एक चालक के रूप में काम कर रहा है, इस व्यक्ति का सैंपल 23 मई को लिया गया और जिसका रिजल्ट पॉजिटिव आया हे। इसके संपर्क में आने वाले 13 लोगों के कोरोना वायरस के सैंपल लिए गए है। वहीं गांव बन के 46 वर्षीय व्यक्ति सब्जी मंडी में एजेंट का काम करता है और इस व्यक्ति को कुछ दिन पहले लाडवा सब्जी मंडी से 4 पॉजिटिव केसों की चैन में सैंपल लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आया है। इस मरीज की चैन में 18 सैंपल लिए गए है।
सीएमओ डॉ. सुखबीर सिंह ने कहा कि महिला सहित तीनों मरीजों को मुलाना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। जिले में दिसंबर माह से लेकर अब तक कुल 2366 लोग आए है, इनमें से 2349 लोग स्वास्थ्य विभाग की एडवाईजरी के अनुसार 28 दिन का समय चक्र पूरा कर चुके है और 2 व्यक्तियों को होम क्वांरटाइन किया गया है तथा 15 को होटल में क्वांरटाइन किया गया है। उन्होंने कहा कि 6 लोगों को आदेश मेडिकल कॉलेज और 12 लोगों को मुलाना मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया गया है। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस की जांच के लिए इस जिले से अब तक 4745 सैंपलों में 4147 की रिपोर्ट नेगटिव आ चुकी है और 578 सैंपलों की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। जिले में अब तक 21 पॉजिटिव केस सामने आ चुके है। इनमें से 3 सैंपलों की रिपोर्ट जो पॉजिटिव थी वह तीनों मरीज ठीक होकर घर जा चुके है। इस प्रकार कुरुक्षेत्र में कोरोना वायरस के 18 एक्टीव केस है।
60 वर्षीय बुजुर्ग 4 साल से टीबी से है ग्रस्त : झांसा के एसएमओ डा. अनुज शर्मा ने बताया कि जंधेड़ी गांव की बुजुर्ग पिछले चार सालों से टीबी रोग से ग्रस्त है। कुछ दिन पहले बुजुर्ग की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी, जिसके चलते उसे शाहाबाद के एक निजि अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, लेकिन वहां से उसे सिविल अस्पताल अंबाला केंट में भेज दिया गया। जहां उसे डायलसिस करवाने को कहा गया। डायलसिस से पूर्व बुजुर्ग का कोरोना टेस्ट किया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें और शाहाबाद थाना से सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमें गांव में पहुंच गई और प्राथमिकता के आधार पर गांव की उस गली को सील कर दिया गया जिसमें बुजुर्ग का घर है। बुजुर्ग के परिवार व कार चालक के परिवार के भी सैंपल लिए गए हैं।
जंधेड़ी को बनाया कंटेनमेंट जोन, गांव में लगाए पांच नाके : सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि गांव जंधेड़ी को कंटेनमेंट जोन बनाकर पांच नाके लगा दिए गए हैं। जिस गली में महिला का घर हैं वहां से किसी को न बाहर आने दिया जाएगा और न ही कोई अंदर प्रवेश करेगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से गांव में मुनियादी कर कर लोगों को घरों से बाहर न निकलने और मास्क व ग्लब्स का प्रयोग करने को कहा गया है।
सब्जी मंडी आढ़तियों सहित किए गए 93 कोरोना टेस्ट : एसएमओ डा. रूपेंद्र सैनी ने बताया कि लाडवा सब्जी मंडी में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद प्रशासन द्वारा निर्णय लिया गया कि शाहाबाद सब्जी मंडी में सभी आढ़तियां सहित कार्य करने वाले लोगों के कोरोना टेस्ट किए जाएंगे। अब तक स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 340 लोगों के कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं उन सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है और अब 93 टैस्ट और किए गए हैं जिनकी रिपोर्ट 24 घंटे उपरांत आएगी। उन्होंने कहा कि सुखी खांसी, जुकाम व तेज बुखार होने पर टेस्ट अवश्य करवाएंगे और इस संक्रमण को फैलने से रोकने में सहयोग करें। डा. रूपेंद्र ने जनता से आह्वान किया कि सामाजिक दूरी बनाए रखे और स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन के निर्देशों की पालना करें।