कुरुक्षेत्र। केयू में सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए गर्ल्स हॉस्टल में प्रवेश करने के लिए कूदने वाले दो युवकों को दबोच लिया। सुरक्षा कर्मियों के मुताबिक ये युवक गर्ल्स हॉस्टल में घुसने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया। डिप्टी चीफ वार्डन की शिकायत पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात दो युवक गर्ल्स हॉस्टल में प्रवेश करने के लिए दीवार कूद गए। कूदने वाले दोनों युवकों पर वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों की नजर पड़ गई और उन्होंने हरकत में आते हुए उन्हें दबोच लिया। पूछने पर जब युवकों ने कुछ भी नहीं बताया, तो सुरक्षाकर्मियों ने इन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। दूसरी ओर हॉस्टल प्रशासन को भी इस बारे में सूचित किया गया। डिप्टी चीफ वार्डन नीलम ने पुलिस में दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी है। शिकायत में बताया गया है कि दो युवक पत्राचार विभाग की ओर से दीवार कूद कर हॉस्टल में प्रवेश करते दबोच गए हैं। इनकी पहचान शालुवास जिला भिवानी निवासी मनिदर और आदर्श नगर गोहाना निवासी विकास के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।