गत दिनों गांव अधोया पिपली प्लांट के बीकानेरिया डेरा वासी मनजीत सिंह (35) हत्याकांड मामले में पुलिस ने पत्नी के अवैध संबंध के चलते प्रेमी द्वारा हत्या करने का खुलासा किया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपी जसविंद्र सिंह और बलजीत सिंह निवासी गांव जुलाहखेड़ी (पंजाब) को गिरफ्तार करके दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने दातरे (घास काटने वाले) से गला रेतकर मनजीत की हत्या करने की वारदात का खुलासा किया है। डीएसपी गुरमेल सिंह ने बताया कि मनजीत की पत्नी बलजिंद्र कौर के जसविंद्र सिंह के साथ अवैध संबंध थे। 20 जुलाई की रात जसविंद्र सिंह अपने एक साथी बलजीत के साथ मनजीत के घर की दीवार फांदकर अंदर घुसा था। उस समय मनजीत सिंह सोफे पर बैठा हुआ था। मौका पाकर जसविंद्र से मनजीत का मुंह कपड़े से बांध दिया तथा बलजीत सिंह ने तेजधार दातरे से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों का अदालत से दो दिन का रिमांड बरामद किया है, ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियार दातरा, बाइक, मोबाइल अन्य सामान बरामद किया जा सके। इस हत्याकांड में पुलिस महिला के इंवोल्वमेंट की भी जांच कर रही है।
पत्नी को करता था तंग
डीएसपी गुरमेल सिंह ने बताया कि महिला बलजिंद्र कौर के पिछले दो साल से आरोपी जसविंद्र सिंह के साथ अवैध संबंध थे। महिला उसके पति द्वारा मारपीट से काफी परेशान रहती थी, जिसके चलते वह कई दिनों से अपने मायके गांव शादीपुर (पंजाब) रह रही थी। प्रेमिका की परेशानी को देखते हुए जसविंद्र सिंह ने अपने साथी बलजीत सिंह के साथ मनजीत की हत्या करने की योजना बनाई थी। इसी के चलते दोनों शराब पीकर 20 जुलाई की रात बाइक पर सवार होकर गांव पहुंचे थे, लेकिन मेन गेट अंदर से बंद होने के चलते दीवार फांदकर घर में घुसे तथा जसविंद्र ने सोफे पर बैठे मनजीत का मुंह कपड़े से बांध दिया, ताकि उसकी आवाज दब जाए। इसी दौरान बलजीत ने दातरे से गला रेतकर हत्या कर दी। मनजीत की हाथ व बाजू पर भी घाव के निशान थे।