कुरुक्षेत्र। जिले में डेंगू और मलेरिया के मरीजों का ग्राफ बढ़ने लगा है। जिले में दो मलेरिया और तीन डेंगू के मरीज मिलने की पुष्टि हुई है। अभी तक जिले में डेंगू व मलेरिया का एक-एक मरीज था। बारिश के कारण मच्छरों का प्रकोप दिखाई देने लगा है। इससे डेंगू व मलेरिया के मरीजों के मामले आने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है।
विभाग की टीम को जिलेभर में रोजाना 90 से 100 जगहों पर डेंगू का लारवा मिल रहा है। मंगलवार को विभाग की टीम को 103 जगहों पर डेंगू का लारवा मिला। विभाग अभी तक 589 लोगों को नोटिस थमा चुका है। इतनी भारी संख्या में डेंगू का लारवा मिलना खतरे से खाली नहीं है। काफी संख्या में लारवा मिलने को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी गंभीरता बरत रहा है। लेकिन कभी भी स्थिति बदल सकती है। पिछली बार भी डेंगू ने अचानक से दस्तक दी थी। जिले की दस कॉलोनी डेंगू हॉट स्पॉट बनी थी।
करीब 11 लाख घरों की जांच कर चुका विभाग : डेंगू के लारवा बढ़ने के साथ साथ स्वास्थ्य विभाग ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। विभाग की 135 टीमें निरंतर लोगों से संपर्क बनाए हुए है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 6859 घरों की जांच की जहां पर टीम को 103 जगहों पर लारवा मिला। वहीं टीम ने 28064 कंटेनर की जांच की जिसमें 54 जगहों पर डेंगू का लारवा मिला। विभाग अभी तक 1107980 घरों की जांच कर चुका है। वहीं 2323443 कंटेनर चैक कर चुका है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले में 212289 घर है। संवाद