कुरुक्षेत्र। साइबर ठगों ने छात्रा समेत दो उपभोक्ताओं के साथ 48 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली। ठग ने छात्रा को पिता के रुपये वापस करने का हवाला देकर वारदात को अंजाम दिया, जबकि दूसरे उपभोक्ता को ऑनलाइन नौकरी का झांसा देकर 18 हजार रुपये ठगे। थाना साइबर में दर्ज शिकायत में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में पीएचडी कर रही छात्रा ने बताया कि साइबर ठगों ने उसे उसके पिता द्वारा खाते में राशि भेजने का झांसा दिया। बाद में उसे कहा कि उसके खाते में तीन हजार की बजाय 30 हजार रुपये गलती से भेज दिए हैं। इसलिए वह उसके 27 हजार रुपये वापस भेज दे। विश्वास करके उसने 27 हजार रुपये वापस कर दिए।
उधर, आशीष मित्तल ने बताया कि उसके पास 23 मई को इंटरव्यू पास करने के लिए ऑनलाइन कोर्स करने के लिए कॉल आई थी। इस आरोपी ने उसे नौकरी के लिए हुए इंटरव्यू को पास कराने का झांसा दिया था। विश्वास करके उसने आरोपी के भेजे लिंक को खोलकर कोर्स खरीदने का शुल्क करीब 18 हजार रुपये भर दिए। बाद में उसे पता चला यह वेबसाइट फर्जी है। पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी।