ईस्माइलाबाद। खेड़ी गांव शहीदां के खेतों में रविवार सुबह अचानक आग लग गई, जिससे करीब 13 एकड़ के फाने व दो एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और गांव वासियों की मदद से बड़ी मशकत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश कुमार भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक किसान लाभ सिंह की दो एकड़ की गेहूं फसल और 13 एकड़ के फाने जल गए। गनीमत रही कि आग गांव तक नहीं पहुंची। गांव के लोगों का कहना है कि यदि आग गांव तक पहुंच जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। बता दें कि दो दिन पहले पिहोवा के गांव दीवाना में खेतों में आग लगने के बाद तेज हवा के साथ गांव के कई घरों में आग लग गई थी। जिसमें कई घरों का सामान, पशु झुलस गए थे। क्षेत्र में बढ़ रही आग की घटनाओं से किसान व गांववासी सहमे हुए हैं। आए दिन कहीं न कहीं आग की घटनाएं हो रही है। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने सभी को चौकसी बरतने का आह्वान किया है।