संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। तीन दिन पहले तंगौरी गांव से जेवर और नकदी चुराने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी अजय उर्फ अभिषेक निवासी तंगौरी व जितेंद्र निवासी शाहाबाद के कब्जे से चोरीशुदा सामान बरामद किया गया।
थाना शाहाबाद में 22 अक्तूबर को दर्ज शिकायत में पवन कुमार निवासी तंगौरी ने बताया था कि वह शाहाबाद के निजी अस्पताल में नौकरी करता है। वह तथा उसका बेटा नितिन कुमार हर रोज की तरह सुबह करीब आठ बजे अपने काम के लिए शाहाबाद आ गए थे। उसकी पत्नी सुलेखा दिन में कीर्तन के लिए जाती रहती है। 17 अक्तूबर की रात को उन्होंने अपने सोने-चांदी के गहने तथा करीब एक लाख रुपये की नकदी अपने घर की अलमारी में रखी थी।
22 अक्तूबर को उन्होंने देखा कि अलमारी का लॉक टूटा हुआ था। अलमारी में रखे जेवर व नकदी चोरी हो गए थे। शिकायत पर थाना इस्माईलाबाद में मामला दर्ज कर जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी अजय व जितेंद्र को गिरफ्तार कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा जेवर और नकदी बरामद की गई। संवाद