कुरुक्षेत्र। डेढ़ साल पहले जूस में नशीला पदार्थ पिलाकर उपभोक्ता से 99 हजार रुपये और मोबाइल छीनने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रवि कुमार वासी गांधी नगर और धनबहादुर वासी डेहा बस्ती पिपली निवासी पीड़ित व्यक्ति को फार्म भरने के बहाने से बैंक के बाहर लेकर गए थे।
थाना पिहोवा में 15 मार्च 2022 को दर्ज शिकायत में कुलदीप निवासी अलौली जिला खगडिया बिहार ने बताया था कि वह इस्माईलाबाद के गांव अजरावर की एक राइस मिल में कार्यरत है। 14 मार्च को वह बड़ौदा की बैंक शाखा पिहोवा में 99 हजार रुपये अपने घर बिहार भेजने के लिए जमा कराने के लिए आया था। बैंक में पैसे भेजने के लिए फार्म भरते समय एक व्यक्ति उसके पास खड़ा था। उसने मदद करते हुए उसका फार्म भर दिया और बात करते हुए उसे बैंक से बाहर एक जूस की दुकान पर ले गया था। यहां पहले से ही उसका एक अन्य साथी बैठा हुआ था। बातचीत के दौरान उन्होंने उसके जूस में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया था। कुछ देर बाद वह बेहोश हो गया और आरोपी उसकी जेब से 99 हजार व मोबाइल निकालकर भाग गए थे। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच सीआईए-2 ने करते हुए आरोपी रवि व धनबहादुर को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद दोनों को आदेश से कारागार भेज दिया। संवाद