संवाद न्यूज एजेंसी
पिहोवा। अपराध अन्वेषण शाखा-दो की टीम ने नशीला पदार्थ रखने के आरोपी में बुधराम वासी बीबीपुर खुर्द जिला पटियाला पंजाब को गिरफ्तार करके उसके कब्जा से 95 ग्राम अफीम बरामद करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 12 दिसंबर को सहायक उप निरीक्षक नवीन कुमार, मुख्य सिपाही जगदीप सिंह, राम कुमार, वीरेंद्र विक्रम व मेनपाल की टीम अपराध की तलाश में पिहोवा चौक पर मौजूद थी। पुलिस टीम को सूचना मिली कि बुध राम की पिहोवा में बिजली की दुकान है वह अफीम बेचने का काम करता है। बुध राम आज भी पिहोवा में अपनी दुकान से पैदल-पैदल पिहोवा अनाज मंडी की तरफ अफीम बेचने के लिए आएगा। टीम ने तत्काल ही जांच शुरू की तो कुछ देर बाद उसे भी गिरफ्त में ले लिया और उसके कब्जा से 95 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना शहर पिहोवा में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। उसे अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया। उधर एक अन्य मामले में अपराध अन्वेषण शाखा-एक की टीम ने नशीला पदार्थ रखने के आरोपी में रोशन लाल वासी सरायें सुखी को गिरफ्तार कर उसके कब्जा से 80 ग्राम अफीम बरामद की है। उसे भी एक दिन के रिमांड पर लिया गया।