संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक सैल टीम ने नशीला पदार्थ रखने के आरोप में अंग्रेज सिंह व कुलविंद्र निवासी एतीयाना जिला लुधियाना पंजाब को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो क्विंटल 53 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया है। एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र पाल की टीम ने गुप्त सूचना एनएच-44 पर पिपली कट के पास नाकाबंदी करके चेकिंग शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद पुलिस टीम को मिली सूचना के अनुसार ट्रक आता हुआ दिखाई दिया। टीम ने ट्रक को रोककर अंग्रेज सिंह को काबू करके ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें से 253 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। आरोपी से पूछताछ कर उसकी निशानदेही पर कुलविंद्र सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। मामला दर्ज कर अंग्रेज सिंह को 10 दिन के रिमांड पर लिया, तो दूसरे आरोपी को जेल भेज दिया।
नशीला पदार्थ मंगवाने का आरोपी रिमांड पर
कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक सैल की टीम ने नशीला पदार्थ मंगवाने के आरोपी सुखविंद्र सिंह निवासी मरोड़ जिला पटियाला पंजाब को गिरफ्तार किया है। विगत दिवस टीम ने एक ट्रक से 205 किलो डाेडापोस्त बरामद कर आरोपी चालक को काबू किया था। उसे 10 दिन के रिमांड पर लेकर डोडापोस्त मंगवाने के आरोपी का पता लगाया। उक्त आरोपी को पंजाब से काबू कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।