सीआईए वन ने चार किलो गांजा पत्ती के साथ एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पार्वती वासी गांधीनगर व राजकुमार वासी रोशन कालोनी पुराना राजपुरा (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने बताया कि सीआईए वन की टीम पुराना बस अड्डा थानेसर के पास गश्त कर रही थी। तभी पुलिस टीम को सूचना मिली कि पार्वती व राजकुमार दोनों मिलकर गांजा की तस्करी करते है। दोनों अपनी स्कूटी पर सवार होकर गांजा खरीदने के लिए कुरुक्षेत्र में आए हुए है। गांजा खरीद कर दोनों स्कूटी पर गांधीनगर से सरस्वती कालोनी, सरस्वती पुल से होते हुए करीब एक घंटे के बाद झांसा की तरफ जाएंगे। सूचना पाकर पुलिस ने नाकाबंदी कर दी। इस दौरान टीम को स्कूटी पर एक व्यक्ति महिला के साथ आता दिखाई दिया। शक होने पर टीम ने उनको रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से चार किलो गांजा पत्ती बरामद हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज करके कोर्ट से दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।