नशीला पदार्थ रखने व बेचने के मामले में पुलिस ने एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला से नौ ग्राम हेरोइन और स्मैक बरामद की है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर सप्लायर को भी दबोच लिया। महिला खेड़ी मारकंडा के पास हेरोइन और स्मैक बेचने के लिए पैदल रही थी। इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम देते हुए महिला को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला बलविंद्र कौर और सप्लायर भूरा वासी मस्जिद वाली गली लाडवा को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है।
एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि उनकी टीम प्रतापगढ़ मोड़ के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि बलविंद्र कौर नशीले पदार्थ बेचने का धंधा करती है। वह इस समय भी खेड़ी मारकंडा में नशेड़ियों को नशा बेचने आ रही है। इसके बाद पुलिस ने खेड़ी मारकंडा रोड पर नाकाबंदी करके जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद पुलिस टीम को एक महिला पैदल आती दिखाई दी। शक होने पर महिला सिपाही रानी देवी ने महिला को काबू करके पूछताछ की और उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से नौ ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी महिला के विरुद्ध थाना सदर थानेसर में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया तथा पूछताछ की। पुलिस में महिला ने कबूल किया कि उसने यह हेरोइन, स्मैक भूरा से खरीदी थी। आरोपी महिला की निशानदेही पर पुलिस टीम ने सप्लायर भूरा को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है।