लाडवा के एक आढ़ती को बहाने से घर बुलाने के बाद नग्न वीडियो बनाकर दो लाख रुपये व सोने की चेन हड़पने के पुलिस ने एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मोबाइल, 50 हजार रुपये, सोने की चेन व दो चेक और कार बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग के मुताबिक पीड़ित आढ़ती ने पुलिस में दी गई शिकायत में बताया कि दो साल पहले उसकी जान पहचान आरोपी अमरजीत कौर के साथ हुई थी। महिला ने 13 मार्च की दोपहर उसे फोन करके कुरुक्षेत्र नए अड्डा पर कामकाज के चलते मिलने के लिए बुलाया। इस पर वह कार में सवार होकर नए बस अड्डा पर पहुंचा, जहां से अमरजीत कौर उसे अपने घर ले गई। महिला उसे कमरे में बैठाकर चाय बनाने चली गई। इसी दौरान एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधे हुए कमरे में दाखिल हुआ, जिसके हाथ में चाकू था। वह व्यक्ति उसे उसकी पत्नी के कमरे में आने को लेकर धमकाने लगा और चाकू की नोक पर सारे कपड़े उतरवा कर उसका नग्न वीडियो बना लिया।
युवक ने उसकी जेब से पर्स निकाल लिया था और वीडियो वायरल की धमकी देते हुए 10 लाख रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता के अनुसार महिला व युवक रुपये लेने के लिए उसे उसकी लाडवा स्थित आढ़त पर ले गए। वहां उन्होंने उससे दो लाख रुपये लिए व पांच लाख रुपये के दो चेक के बिना नाम भरकर अपने पास रख लिए। इस दौरान आरोपियों ने उसे धमकाते हुए कहा कि उनकी सोने की चेन भी गुम हो गई है। आरोपी उसे सुनार की दुकान पर ले गए, जहां उन्होंने 2.30 लाख रुपये की चेन ली और यह बात किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम कर्मजीत कौर उर्फ अमरजीत कौर निवासी अंधगढ़ (करनाल) बताया। उसके साथी की पहचान गुरचरण उर्फ मोनू निवासी गुढ़ा के रूप हुई। पूछताछ पर महिला ने कबूल किया उसने मोनू के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने पांच लाख रुपये के दो चेक लिए थे जोकि बैंक से पास नहीं हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मोबाइल, 50 हजार रुपये, सोने की चेन व दोनों चेक के साथ-साथ कार को भी कब्जे लिया है।