नशीला पदार्थ रखने के दो आरोपी गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र। पुलिस टीम ने नशीला पदार्थ रखने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नवनीत व तरुण शर्मा निवासी छोटा बाजार थानेसर हाल निवासी कुबेर काॅलोनी के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 21.18 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी टीम जिंदल चौक पर मौजूद थी तभी टीम को उक्त आरोपियों द्वारा हेरोइन बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अवैध रूप से हथियार रखने का आरोपी पकड़ा
कुरुक्षेत्र। अपराध अन्वेषण शाखा-एक की टीम ने अवैध रूप से हथियार रखने के आरोप में नरेंद्र पाल उर्फ गिबू निवासी मलिकपुर जिला जींद को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक कारतूस बरामद किया है। पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त आरोपी को उमरी चौक के समीप से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज कर किया गया है। संवाद
नशीले पदार्थ के साथ बाइक सवार पकड़ा
कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक्स टीम ने नशीला पदार्थ रखने के आरोप में अशोक कुमार निवासी खेडा अफगान जिला सहारनपुर यूपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 229 ग्राम नशीला पदार्थ मिला है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि टीम निवारसी गांव के पास मौजूद थी, तभी गुप्त सूचना मिली कि आरोपी चरस बेचने का काम करता है। वह मोटरसाइकिल से लाडवा होता हुआ पिपली जाएगा। सूचना के आधार पर टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध थाना लाडवा में मामला दर्ज किया गया है।
धार्मिक स्थलों से चोरी करने का आरोपी धरा
इस्माईलाबाद। पुलिस टीम ने धार्मिक स्थलों से चोरी करने के आरोपी को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अमन कुमार उर्फ चिन्ना निवासी रविदास मोहल्ला के रूप में हुई है। आरोपी के पास से चोरीशुदा छत्र व नकदी बरामद हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गत एक फरवरी को पुलिस को दी शिकायत में संजू वासी इस्माईलाबाद ने बताया था कि वह रविदास मंदिर में सेवादार के रूप में कार्य करता है। गत 15 जनवरी की रात को रविदास मंदिर से किसी ने चांदी का छत्र चोरी कर लिया है, जिसकी शिकायत पर थाने में मामला दर्ज करके जांच की गई थी। एक अन्य मामले में 15 जनवरी को थाना पुलिस को दी शिकायत में अभिषेक शर्मा ने बताया था कि उसके पिता मंदिर में पुजारी हैं। गत 14 जनवरी की रात में मंदिर से किसी ने चांदी का छत्र व मुकुट चोरी कर लिया। शिकायत पर थाना इस्माईलाबाद में मामला दर्ज करके जांच की गई। मामले की जांच अपराध अन्वेषण शाखा-दो को सौंपी गई थी।
25 फरवरी को अपराध अन्वेषण शाखा-दो के प्रभारी निरीक्षक मोहन लाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी अमन कुमार उर्फ चिन्ना को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से चोरीशुदा छत्र व नकदी बरामद की गई। आरोपी को न्यायालय के आदेश से कारागार भेज दिया।
लाखों की धोखाधड़ी का आरोपी काबू
कुरुक्षेत्र। आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में रजवंत सिंह वासी झांसा को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 30 जनवरी को महरमन सिंह निवासी सिबलवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपने परिवार के साथ विदेश जाना चाहता था। इसके लिए उसने हरमन सिंह व चंपा देवी से बात की जो कि विदेश भेजने का काम करते हैं उन्होंने कहा कि वो उसके परिवार को 50 लाख रुपये में वर्क वीजा पर एक महीने में कनाडा भेज देंगे। उन्होंने कहा कि 30 लाख रुपये पहले और बाकी के रुपये बाद में देने तय हुए।
इसके बाद उसने आरोपियों के द्वारा दिए गये खातों में अलग-अलग किस्तों में कुल 50 लाख रुपये जमा करवा दिए। आरोपियों ने उसे व उसके परिवार को दुबई भेज दिया। कुछ दिन वहां रहने के बाद वह वापस भारत आ गए। जब उसने इस बारे में आरोपियों से बात की तो उसने कहा कि वह जल्द ही उसको विदेश भेज देगा। काफी समय बीत जाने के बाद आरोपी ने उसको आठ लाख रुपये वापस किए। बाकी की 42 लाख आरोपी न तो वापस कर रहे हैं और न ही उसे विदेश भेज रहे हैं।