कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस समेत हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने अलग-अलग जगह से ट्रक चालक पिता-पुत्र समेत चार आरोपियों को नशीले पदार्थों संग गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने आरोपी दुकानदार रोहित कुमार निवासी दिनारपुर जिला अंबाला के कब्जे से 55 ग्राम अफीम, दीपक उर्फ चोटा निवासी कृष्णा कॉलोनी लाडवा से 6.60 ग्राम स्मैक और ट्रक चालक जगतार सिंह व उसके बेटे सौरभदीप उर्फ जस्सी निवासी भवानीगढ़ जिला संगरूर पंजाब से चार किलो चूरा पोस्त बरामद किया है।
एएनसी प्रभारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि उनकी टीम पिहोवा-कुरुक्षेत्र रोड पर एनएच-152 डी फ्लाई ओवर के पास गश्त कर रही थी। तभी टीम को सूचना मिली कि ट्रक चालक जगतार सिंह व उसका बेटा सौरभदीप उर्फ जस्सी मध्य प्रदेश से चूरा पोस्त लेकर पिहोवा से होते हुए पंजाब जाएंगे। सूचना पर पुलिस टीम ने एनएच-152 डी पर सैंसा गांव के पास खड़े ट्रक में बैठे दो लोगों को काबू कर पूछताछ की और उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चार किलो चूरा पोस्त बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर पिहोवा में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से आरोपी पिता-पुत्र को चार दिन के रिमांड पर लिया गया है।
उधर, एनसीबी कुरुक्षेत्र के प्रभारी सुखपाल सिंह ने बताया कि लाडवा के हिनौरी चौक पर गश्त करते हुए टीम को सूचना मिली कि दीपक उर्फ चोटा स्मैक बेचता है। आज भी अपने घर से स्मैक लेकर बेचने के लिए हरियाणा डायरी की तरफ आएगा। टीम ने हरियाणा डायरी के पास नाकाबंदी कर एक युवक को काबू कर पूछताछ के बाद उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने उसके कब्जे से 6.60 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना लाडवा में अभियोग दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
बॉक्स
दुकान की आड़ में बेचता था अफीम
सीआईए-एक के प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी टीम को शाहाबाद में बराड़ा चौक पर गश्त करते हुए सूचना मिली कि रोहित कुमार की साहा रोड वाहनों की सजावट की दुकान है। इसकी आड़ में दुकानदार रोहित अफीम बेचता है। सूचना पर टीम ने मौके पर दबिश देकर दुकान से एक युवक को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 55 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना शाहाबाद में मामला दर्ज गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।