कुरुक्षेत्र। शेख चिल्ली मकबरे के पास बाइक सवार पिता पुत्र को पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक चालक को थाना कृष्णा गेट टीम ने काबू कर लिया है।
आरोपी ट्रक चालक की पहचान संभालखा गांव के रहने वाले पवन कुमार के रूप में हुई है। तेज रफ्तार ट्रक के टक्कर मारने के बाद घायल हुए जिला करनाल के निगदू गांव निवासी प्राइमरी अध्यापक नरेश कुमार (38) की शनिवार को शाहाबाद निजी मेडिकल कालेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। उनके सात वर्षीय पुत्र भविष्य की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार के अनुसार 26 सितंबर को पुलिस को दी शिकायत में नरेश कुमार के भाई सुरेश कुमार ने बताया कि उनका भाई नरेश कुमार व भतीजा भविष्य मोटरसाइकिल से गांव कलसाना से अपने घर निगदू आ रहे थे। जब वह शेख चिल्ली मकबरे के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे ट्रक ने उनको टक्कर मार दी, जिससे उनका भाई और भतीजा घायल हो गया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस को बुलाकर दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल ले जाया गया था। संवाद