कुरुक्षेत्र। बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रतिभा का प्रदर्शन करते खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : mathura
कुरुक्षेत्र। वायरविंग्स बैडमिंटन अकादमी के सहयोग से जिला बैडमिंटन संघ की ओर से जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभाशाली युवाओं ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। अंतिम दिन हुए फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों की ऊर्जा, तकनीक और खेल भावना देखने लायक रही। सब-जूनियर से लेकर जूनियर वर्ग तक के मैचों में रोमांच देखने को मिला।
बैडमिंटन संघ के महासचिव प्रो. पीसी तिवारी ने बताया कि सब-जूनियर अंडर-09 बालक वर्ग में त्रिशन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सार्थक को 21-17, 12-15 से शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा किया इसमें दोनों खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। अंडर-11 बालक युगल वर्ग में सार्थक शर्मा और पार्थ की जोड़ी ने विराज व रियांश मेहल को मैच में हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। अंडर-13 बालिका वर्ग में खिलाड़ी परी ने न्यासा को एकतरफा मुकाबले में 21-11, 21-14 से हराया। जूनियर वर्ग के मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-15 बालक युगल वर्ग में एकमजीत व पुनीत की जोड़ी ने क्षितिज एवं कनिष्ठ के खिलाफ शानदार तालमेल दिखाते हुए 21-17, 21-19 से विजय प्राप्त की। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच दमदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। वहीं अंडर-15 बालिका युगल वर्ग में देवश्री और कशिश की जोड़ी ने वाणी व वंशिका को सीधे सेटों में हराकर खिताब जीता। जबकि अंडर-17 बालक वर्ग में गौरव ने सधे हुए खेल से दिलीप को 21-16, 21-18 से मात दी।
जूनियर अंडर-19 बालक वर्ग में मीत और निहित के बीच हुआ मुकाबला पूरे टूर्नामेंट का सबसे दिलचस्प मैच रहा। मीत ने जबरदस्त संघर्ष करते हुए 21-17, 18-21, 21-19 से जीत दर्ज की। दोनों खिलाड़ियों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। मैच संपन्न होने पर प्रतियोगिता का समापन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिला बैडमिंटन के कार्यकारिणी सदस्य, एडवाइजर विवेक शर्मा, सीनियर खिलाड़ी बलबीर कौशिक, अंकित गोयल, अमित कुमार, बैडमिंटन प्रशिक्षक बलजीत (शाहाबाद) व बलजीत सांगवान (इस्माईलाबाद) सहित अन्य सदस्य एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।
कुरुक्षेत्र। बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रतिभा का प्रदर्शन करते खिलाड़ी। संवाद- फोटो : mathura