संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। लंबे समय से इंतजार कर रहे शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। अब एलिवेटेड रेलवे ट्रैक पर अक्तूबर से ट्रेनों का संचालन शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।
शुक्रवार से स्टेशन निर्माण कार्य की शुरुआत हो चुकी है। करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस परियोजना का अहम हिस्सा थानेसर रेलवे स्टेशन और एलिवेटेड प्लेटफार्म अब तेजी से तैयार किए जाएंगे।
स्टेशन की नींव खोदने का काम शुरू कर दिया गया है और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया स्टेशन पुराने स्टेशन की जगह पर ही बनाया जाएगा। इसमें नीचे स्टेशन परिसर और ऊपर एलिवेटेड प्लेटफार्म होगा, जो करीब 400 मीटर लंबा होगा। शहर के पांच रेलवे फाटकों की वजह से वर्षों से जाम और असुविधा झेल रहे लोगों को इस ट्रैक के शुरू होने से बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे अधिकारियों ने स्टेशन निर्माण को युद्ध स्तर पर पूरा करने की योजना बनाई है और काम शुरू कर दिया गया है। एलिवेटेड वायडक्ट, ट्रैक और विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है, स्टेशन निर्माण के कारण ही ट्रेनों का संचालन अटका हुआ था।
पहले इस ट्रैक पर मालगाड़ी के जरिये ट्रायल किया गया था लेकिन स्टेशन न होने के कारण ट्रेनें नहीं चलाई जा सकीं। अब उम्मीद जगी है कि निर्माण कार्य पूरा होते ही लोग इस सुविधा का लुत्फ उठा सकेंगे। हरियाणा रेल अवसरंचना विकास निगम (एचआईआरडीसी) द्वारा तैयार की जा रही इस परियोजना में स्टेशन को मेट्रो स्टेशन की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। यात्रियों के लिए बुकिंग काउंटर, लिफ्ट, एस्केलेटर, वेटिंग एरिया समेत तमाम अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। इस निर्माण के बाद यात्रियों को मुख्य जंक्शन तक नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि वे यहीं से ट्रेनों में सफर कर सकेंगे।