इस्माईलाबाद। इस्माईलाबाद के अनिल कुमार डीएवी पब्लिक स्कूल में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने ''सीखने के परिणाम और शिक्षाशास्त्र'' विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित की। इसका उद्देश्य शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण विधियों, विद्यार्थियों के अपेक्षित सीखने के परिणामों और कक्षा में नवाचारपूर्ण पद्धतियों के प्रति जागरूक करना था।
सीमा गुप्ता (एसएमबी गीता वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कुरुक्षेत्र) और विनोद कुमार (द गुरुकुल ज्योतिसर) ने मुख्य संसाधन व्यक्ति के रूप में अपनी विशेषज्ञता साझा की। उन्होंने शिक्षकों को सीखने के परिणाम, विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण और प्रभावशाली रणनीतियों से अवगत कराया। संसाधन व्यक्तियों ने जोर दिया कि आधुनिक शिक्षा में केवल पाठ्यक्रम पूरा करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, रचनात्मकता और समस्या-समाधान जैसे कौशल विकसित होने चाहिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय शर्मा ने कहा कि शिक्षकों को शिक्षण अनुभव साझा करने और नई तकनीकों पर विचार-विमर्श करने का अवसर मिला।