कुरुक्षेत्र। धनतेरस के अवसर पर शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ के कारण शनिवार को शहर के कई हिस्सों में जाम की स्थिति बनी रही। सुबह से देर रात तक चली खरीदारी की धूम के बीच लोगों को अंबेडकर चौक, गुरुद्वारा चौक, झांसा रोड और सेक्टर-17 की मार्केट में जाम का सामना करना पड़ा। कई जगह वाहनों को पार्क करने में लोगों को भारी परेशानी हुई, जिसके चलते सेक्टर-17 में खरीदारों को वाहन छोड़कर पैदल बाजार जाना पड़ा।
महिलाओं और छोटे बच्चों को भीड़ और जाम के कारण खासा दिक्कत झेलनी पड़ी। बाजारों में पांच मिनट के रास्ते को तय करने में आधे से एक घंटे तक का समय लगा। सड़कों पर दुकानों के बाहर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और अपर्याप्त यातायात व्यवस्था ने स्थिति को और जटिल बना दिया। पिपली से थर्ड गेट तक पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही।
स्थानीय लोगों ने यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग की है, ताकि त्योहारी सीजन में ऐसी परेशानियों से बचा जा सके। पुलिस प्रशासन ने भीड़ और यातायात प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया था, लेकिन भीड़ की भारी संख्या के आगे व्यवस्थाएं नाकाफी साबित हुईं।