कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी को स्वच्छ व सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री बनाने के लिए आज 17 जुलाई को एक बार फिर अभियान चलाया जाएगा, इसके तहत कचरा व सिंगल यूज प्लास्टिक मिलते ही संबंधित दुकानदार व व्यक्ति का चालान किया जाएगा। यह अभियान शहर में एक साथ 20 जगहों से चलाए जाने की तैयारी है, जिसके लिए 20 अधिकारियों को नियुक्त किया गया है, इसके लिए प्रशासन ने जिला उपायुक्त नेहा सिंह की अगुवाई में मंगलवार को अहम बैठक कर रणनीति तैयार की थी।
अभियान नगर निकाय विभाग के साथ-साथ अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को शामिल करते हुए संयुक्त रूप से चलाया जाएगा। शहर के सेक्टरों से लेकर बाजार तक अधिकारी टीमें लेकर फील्ड में उतरेंगे। हालांकि नगर निकाय विभाग की ओर से पिछले माह से अपने स्तर पर यह अभियान चलाया हुआ है। पिछले माह ही जहां कचरा व सिंगल यूज प्लास्टिक मिलने पर दुकानदारों के करीब 35 हजार के चालान किए थे वहीं इस माह के पहले ही सप्ताह में करीब 37 हजार के चालान किए जा चुके हैं। वीरवार को शुरू किए जाने वाले अभियान के तहत प्रशासन एक्शन मोड में दिखाई दिया। उधर डीएमसी सतिंद्र सिवाच का कहना है कि शहर को अब पूरी तरह से कचरा व सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री करना है। इसके लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा।