कुरुक्षेत्र। ठगों ने डाकघर के विभिन्न एटीएम से उपभोक्ताओं के खाते से चार लाख साढ़े 86 हजार रुपये निकाल लिए। इस विषय में डाकघर अधीक्षक कृष्ण कुमार की शिकायत पर साइबर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक शातिर ठगों ने डाकघर के करीब 50 उपभोक्ताओं के खाते में सेंध लगाई है। आरोपियों ने एटीएम के जरिए इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। ठगों ने पूरे हरियाणा से डाकघर के एटीएम से चार लाख 86 हजार 500 रुपये निकाले हैं। यह राशि ठगों ने 10-10 हजार करके निकाली है। इस घटना को साल 2020 में अंजाम दिया गया था। मामला उजागर होने पर डाकघर अधीक्षक ने शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी। उनके आदेश पर साइबर थाने में मामला दर्ज किया गया।
एटीएम क्लोन या मशीन हैक कर दिया अंजाम
जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच से लग रहा है कि शातिर ठगों ने एटीएम कार्ड का क्लोन तैयार करके धोखाधड़ी की है। उनके पास उन एटीएम कार्ड के नंबर है, जिनसे घटना को अंजाम दिया गया है। हालांकि यह भी हो सकता है कि आरोपियों ने एटीएम को हैक करके रकम निकाली हो। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।