कुरुक्षेत्र। अंबाला-हिसार नेशनल हाइवे पर गांव ठोल के निकट सुबह के समय घने कोहरे में विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंच गई। इसके कारण तीन वाहन आपस में भीड़ गए। हादसे में पिकअप वाहन का चालक बीच में फंस गया लेकिन स्थानीय लोगों ने लोहे की रॉड से खिड़की तोड़कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में सिर्फ एक व्यक्ति को चोटें आईं, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि तेज रफ्तार पिकअप ने आगे चल रहे वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। आगे का वाहन रुक नहीं पाया और पीछे से आ रहा ट्रक भी पिकअप से जा टकराया। तीनों वाहन एक-दूसरे में उलझ गए जिससे पिकअप चालक कैबिन में फंस गया। चालक ने बाद में बताया कि कोहरे के कारण आगे का वाहन बिल्कुल नहीं दिख रहा था, अचानक टक्कर हो गई। ट्रक चालक ने कहा कि ब्रेक लगाने की कोशिश की लेकिन विजिबिलिटी जीरो होने से वाहन रुक नहीं पाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैफिक को नियंत्रित किया और हादसे की जांच शुरू कर दी।