फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kurukshetra News: छह मंचों पर 34 विधाओं में तीन हजार कलाकार बिखेरेंगे प्रतिभा की छठा

विज्ञापन
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग द्वारा श्रीमद्भागवत सदन में चार दिवसीय राज्य स्तरीय हरियाणवी महोत्सव रत्नावली का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन एनआईटी कुरुक्षेत्र निदेशक प्रो. बीवी रमन्ना रेड्डी बतौर मुख्यातिथि करेंगे जबकि राष्ट्रपति अवार्डी और राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार प्रेम देहाती विशिष्ट अतिथि होंगे। महोत्सव में मुख्य आकर्षण का केंद्र हरियाणवी फैशन शो, हस्तशिल्प प्रदर्शनी, हरियाणवी देसी खानपान, स्वदेशी कौशल प्रदर्शनी, रत्नावली सांग प्रदर्शन, गायन शैली प्रस्तुतीकरण, लूर, खोड़िया धमाल, फागण व रसिया नृत्य रहेगा, जिसमें कलाकार अपनी प्रतिभा की छठा बिखेरेंगे।
विज्ञापन

रोहतक के बोहर गांव में जन्मे व दसवीं तक की पढ़ाई करने वाले प्रेम देहाती ने कई नामचीन फिल्मों में अभिनय के साथ-साथ अपनी आवाज का भी जादू बिखेरा है। देहाती की पढ़ाई गांव में ही हुई और गायन व अभिनय उन्हें विरासत में मिला। बचपन से ही उन्हें नाटक करने व गीत गाने का शौक था। पंडित लख्मीचंद के शार्गिद मेहरचंद से संबंध रखने वाले कलाकार से शिक्षा लेकर देहाती ने अपनी लोक संस्कृति को समृद्ध किया। हाल ही में बॉलीवुड में सुप्रसिद्ध निर्माता, निर्देशक व संगीतकार विशाल भारद्वाज की फिल्म मटरू की बिजली का मंडोला में लोक गायन शैली में चार गीत गाए व फिल्म में भी काम किया। इसी के साथ आकाशवाणी के भी विभिन्न केंद्रों के कार्यक्रमों में भाग लिया। प्रेम सिंह देहाती ने करीब 40 साल तक लोक संपर्क विभाग हरियाणा में सेवा देकर रागनी गायकी के क्षेत्र में विशेष पहचान बनाई है तथा कई हरियाणवी फिल्मों में अभिनय भी किया।
युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला ने बताया कि छह मंचों पर करीब तीन हजार कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन इस महोत्सव में करेंगे। पहले दिन ऑडिटोरियम हाल के मुख्य मंच पर रिचुअल और लूर नृत्य के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी। उसके बाद पॉप सॉन्ग और कोरियोग्राफी होगी। आरके सदन के मंच पर हरियाणवी भजन, ड्यूट रागनी, ओपन एयर थियेटर में सोलो नृत्य (पुरुष), रागनी प्रतियोगिता कराई जाएंगी तथा सीनेट हॉल में भाषण, पगड़ी बांधने की प्रतियोगिता, खुले मंच पर सांग प्रतियोगिता तो वहीं क्रश हॉल में फोक पेंटिंग कार्यशाला व प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की तैयारी को अंतिम रूप दे दिया गया है। वीरवार को कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने तैयारियों को जायजा लिया। वहीं समारोह को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 14 कमेटियों का गठन कर, 14 कंवीनर बनाए गए हैं तथा उनके सहयोग के लिए टीम सदस्य तथा रत्नावली स्वयंसेवक बनाए गए हैं।
विज्ञापन


चार दिवसीय महोत्सव में ये अतिथि करेंगे शिरकत
लोक संपर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि रत्नावली महोत्सव के समापन समारोह में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय बिजली एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल पहुंचेंगे। चार दिन तक महोत्सव के अलग-अलग सत्रों में सांसद नवीन जिंदल, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री के ओएसडी गुलाब सिंह सैनी, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व चेयरमैन भारत भूषण भारती शिरकत करेंगे।



महोत्सव में दिखेगी स्वावलंबन की झलक
इस बार रत्नावली महोत्सव में कला शिविर व विद्यार्थियों की कला प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। कलाकार अपनी कलाकृतियों के माध्यम से हरियाणा की विलुप्त हो रही लोक कलाओं व लोक संस्कृति को अपने चित्रों के माध्यम से उकेरेंगे। वहीं ललित कला विभाग के छात्र अपनी प्रदर्शनी के माध्यम से अपने कला कौशल को प्रदर्शित करेंगे। विद्यार्थी विभिन्न प्रकार की कलाकृतियों को प्रदर्शित करेगें, जिससे विद्यार्थी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित होगें। इस मंच से हजारों युवाओं को कला की बारीकियों को सीखने का अवसर मिलेगा। इसको लेकर हरियाणा पवेलियन में 55 स्टॉल बनाए गए हैं।

हरियाणवी खानपान स्वाद चखेंगे दर्शक
टूरिज्म विभाग के विद्यार्थियों द्वारा महोत्सव में हरियाणवी खानपान की व्यवस्था की गई है, जिसमें देसी घी का चूरमा, खीर, जलेबी, देसी हलवा सहित हरियाणवी व्यंजन दर्शकों के लिए उपलब्ध रहेंगे। वहीं गृह-विज्ञान विभाग की ओर से देसी चॉकलेट, मिलेट्स का स्टॉल एवं गोल गप्पा का स्टाॅल लगाया जाएगा। आईआईएचएस के गृह विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों द्वारा देसी मिलेट्स एवं खानपान की विषय वस्तुओं का स्टाॅल स्थापित किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें