कुरुक्षेत्र। दीवाना गांव के पास हुए सड़क हादसे में ट्रक चालक की जिंदा जलने की घटना के बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।
पोस्टमार्टम के बाद डीएनए जांच के लिए शव के तीन दांत रखे गए हैं। शुक्रवार को यमुनानगर से बजरी लेकर चीका जा रहा एक ट्रक का टायर फटने से वाहन बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक के केबिन में आग लग गई, जिसमें चालक जिंदा जल गया। पुलिस ने ट्रक के नंबर के आधार पर चालक की पहचान की और परिजनों को सूचना दी।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गांव कलसिया निवासी सोमनाथ के रूप में हुई थी। पोस्टमार्टम के दौरान फॉरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. गौरव कौशिक ने बताया कि शव का केवल कुछ हिस्सा ही बचा था। परिजनों ने शव की पहचान कर ली, लेकिन भविष्य में किसी अन्य दावे से बचने के लिए डीएनए जांच हेतु तीन दांत सुरक्षित रखे गए हैं। संवाद