भारत भूषण शर्मा
कुरुक्षेत्र। पिहोवा-कुरुक्षेत्र, पिहोवा-अंबाला और पिहोवा-कैथल रोड 300 सुंदर और आकर्षक लाइटों से जगमग होंगे। इन लाइटों को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र की तर्ज पर लगाया जा रहा है। इन पर सरकार की ओर से करीब दो करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है।
खास बात यह है कि ये लाइटें खुद ही अपने समय पर ऑन और ऑफ होगी। इसके साथ ही कम और ज्यादा वोल्टेज आने पर भी लाइटें खराब नहीं होगी। पीडब्ल्यूडी ने कुरुक्षेत्र रोड पर सेंट्रल वर्ज में लाइटें लगाने का काम पूरा कर लिया है। पीडब्ल्यूडी का प्रयास है कि इन लाइटों को बाईपास तक लगाया जाए, मगर बाईपास तक सड़क पर सेंट्रल वर्ज नहीं है। हालांकि लाइटों को बाईपास तक लगाने के लिए पीडब्ल्यूडी ने योजना तैयार की है, मगर उसे पहले अंबाला और कैथल रोड पर सेंट्रल वर्ज में लाइटें लगाने का काम पूरा किया जाएगा।
पिहोवा पीडब्ल्यूडी के एसडीओ आरएस पंवार ने बताया कि शहर के सुंदरीकरण के लिए नगर पालिका सीमा के अंतर्गत कुरुक्षेत्र, अंबाला और कैथल रोड पर 300 लाइटें लगाई जाएगी। इसके लिए सरकार की ओर से करीब दो करोड़ रुपये का बजट मिला है। ये लाइटें आधुनिक उपकरण से लैस होगी। इन लाइटों को लाइट मैनेजमेंट सिस्टम के साथ जोड़ा जाएगा। इससे ये लाइटें अपने समय पर अपने आप ही ऑन और ऑफ होगी। इस सिस्टम के वोल्टेज कम या ज्यादा होने पर लाइटों पर कोई असर नहीं पड़ेगा और न ही उससे ये लाइटें खराब होगी।
एसडीओ पंवार ने बताया कि नई लाइटें लगने के बाद पीडब्ल्यूडी पुरानी लाइटों को नगर पालिका के हवाले कर देगा। पुरानी लाइटें अधिकतर सही है, मगर शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से नई लाइटें लगाई जा रही है। इन लाइटों का बिजली बिल भी नगर पालिका ही वहन करेगी। संवाद
जरूरत के अनुसार लगाई जाएंगी लाइटें : पराशर
नगर पालिका सचिव अंकुश पाराशर ने बताया पुरानी लाइटों को जरूरत के तहत उपयोग किया जाएगा। पालिका क्षेत्र में जहां जरूरत होगी उन लाइटों को वहां लगा दिया जाएगा। वहीं बताया कि पहले भी स्ट्रीट लाइटों के बिजली के बिल का भुगतान नगर पालिका ही करती है।