जिला कारागार से सात बंदियों सहित विभिन्न जगह से 39 नए कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं, जबकि तीन कोरोना संक्रमितों की उपचार के दौरान मौत हो गई। अब तक कोरोना संक्रमण से 320 मरीजों की मौत हो चुकी है। हालांकि पिछले कई दिनों से कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा तेजी से घटता जा रहा है।
जिला सिविल सर्जन डॉ. संतलाल वर्मा ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव वार्ड-11 धन्ना पट्टी अजराना कलां निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति, सेक्टर-13 निवासी 85 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति और गांव कतलाहेडी शाहाबाद निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई है, लेकिन कुरुक्षेत्र के लिए सुखद खबर ये है कि लगातार कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा तेजी से घटता जा रहा है। मंगलवार को भी 86 मरीजों ने कोरोना संक्रमण को मात दी। सीएमओ ने कहा कि कुरुक्षेत्र में कोरोना से को हराने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इस जिले के नागरिक कोरोना को हराने में प्रशासन का पूरा सहयोग कर रहे है। जिसके परिणाम स्वरूप जिले में कोरोना रिकवरी का आंकड़ा बढक़र 95.93 फीसदी पर पहुंच चुका है। अब तक 20705 संक्रमित मरीज ठीक हो चुके है। जिले में इस समय जिले में महज 558 मरीज ही एक्टिव है। अब तक कुरुक्षेत्र में 21583 पॉजिटिव केस सामने आ चुके है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक लिए गए 354929 में से 332460 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।
उधर, जिला स्वास्थ्य विभाग ने वैक्सीनेशन अभियान के तहत मंगलवार को 24 वैक्सीनेशन सेंटर पर 1415 लोगों को पहली और 167 को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक 2 लाख 1 हजार 514 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इनमें से 1 लाख 72 हजार 485 को पहली और 29 हजार 29 को दोनों डोज लगाई जा चुकी है।