कुरुक्षेत्र/लाडवा/पिहोवा। जिले में अलग-अलग जगह हुए सड़क हादसों में एक किशोर सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पिहोवा में पिता के सामने कार की टक्कर लगने से बाइक सवार नौवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त यश सैनी 16 के रूप में हुई। यश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। लाडवा रोड पर मथाना गांव के निकट कार चालक ने पैदल जा रहे व्यक्ति को कुचल दिया। उधर, लाडवा में डंपर व ट्रक की टक्कर में ट्रक चालक ने दम तोड़ दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक चालक राम निवास निवासी लोलकपुर जिला मुरैना मध्य प्रदेश का सिर और बाजू अलग हो गई।
थाना सदर पिहोवा में दर्ज शिकायत में सतीश कुमार निवासी सैंसा ने बताया कि वह बाखली में पेपर मिल में बतौर चालक नौकरी करता है। यश उसका इकलौता बेटा था, जिससे छोटी उसकी बेटी ईशा रानी 12 है। वीरवार रात करीब आठ उसका बेटा यश बाइक पर अपने दोस्त के घर अरुणाय गया था। उसकी फोन पर यश से 15-20 मिनट में घर लौटने की बात हुई थी। इसी दौरान वह अपने अपने भतीजे सुखबीर सिंह के साथ खाना खाकर घर से अरुणाय रोड पर घूमने के लिए जा रहे थे। रात करीब नौ बजे उनके पास से एक कार गुजरी, जिसने अरुणाय की ओर से आ रहे बाइक चालक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक चालक सड़क पर गिर गया। उसने देखा तो यह बाइक चालक उसका बेटा यश है। उसने तुरंत उसे संभाला, मगर यश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया।
सिर और बाजू दूर जाकर गिरी
लाडवा-इंद्री मार्ग पर लाठी धनौरा गांव के पास डंपर ने ट्रक में सीधी टक्कर मारी दी, जिससे ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। लाडवा थाने में दर्ज शिकायत में मोहर सिंह निवासी लोलकपुर ने बताया कि वह और उसका भतीजा रामनिवास ट्रक ड्राइवर है। वे एक कंपनी में ट्रक ड्राइवरी करते हैं। उसका भतीजा राम निवास पिछले दिनों चावल लोड करके लाडवा के लिए चला था। शुक्रवार सुबह वह उसे करनाल के इंद्री में सुबह करीब पांच बजे गाड़ी लेकर मिला। कुछ समय बाद वे दोनों अपनी-अपनी गाड़ी लेकर लाडवा के लिए निकल पड़े। उसके भतीजे की गाड़ी उसके आगे-आगे चल रही थी। सुबह करीब छह बजे लाठी धनौरा गांव के पास पहुंचे तो लाडवा की तरफ से तेज गति में आ रहे एक डंपर चालक ने उसके भतीजे की गाड़ी में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की उसके भतीजे राम निवास की मौके पर ही मौत हो गई।
कुचले जाने से व्यक्ति की मौत
थाना सदर थानेसर में पृथ्वी सिंह निवासी मथाना ने बताया कि सुबह वह अपने गांव के बस अड्डे के निकट सैर करने के लिए गया था। वह पैदल चलते हुए पिपली की तरफ जा रहा था। सुबह करीब सवा सात बजे उससे आगे चल रहे व्यक्ति को लाडवा की तरफ से आई कार ने टक्कर मार दी। देखते ही देखते आरोपी कार चालक उस व्यक्ति को कुचलते हुए फरार हो गया। उसने तुरंत एंबुलेंस को सूचना देकर मथाना अस्पताल पहुंचवाया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त सुरेश कुमार निवासी खैरा के रूप में हुई।
वाहन नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज
शिकायत पर संबंधित थाना पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी वाहन चालकों की तलाश कर रही है।