पिहोवा। पुरानी रंजिश को लेकर गांव थाना गुजरान में हुए झगडे़ के मामले में
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छह आरोपी लोगों में से तीन को गिरफ्तार करने
में सफलता हासिल की है।
हेड कांस्टेबल बलिंद्र सिंह ने बताया कि
बीते दिन कालू राम ने पुलिस को दी शिकायत में कहा था कि उसका गांव के ही
रामफल के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। 9 जून को जब वह अपने बेटे
सतबीर के साथ खेतों से घास लेकर घर की ओर आ रहा था कि तभी रास्ते में
रामफल, दीनाराम, तेजा, रजत, दीपू और रिंकू उनसे गालीगलौच करने लगे थे।
जब
उन्होंने उन्हें ऐसा कहने से रोका तो वे सभी तैश में आ गए और उन पर
ताबड़तोड़ हमलाकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। आसपास के लोगों को
एकत्रित होता देख सभी हमलावर मौके से फरार हो गए थे, जिस पर कार्रवाई करते
हुए पुलिस ने तीन आरोपी रामफल, तेजा राम और रिंकू को गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि शेष आरोपी लोगों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।