कुरुक्षेत्र। केयू प्रशासन ने 15 जून को होने वाली क्लर्क भर्ती परीक्षा के दौरान नकलचियों और शरारती तत्वों पर शिकंजा कसनेे की पूरी तैयारी कर ली है।
विश्वविद्यालय प्रवक्ता ने बताया कि इस परीक्षा के दौरान सभी 70 केंद्रों पर धारा 144 लगा दी जाएगी और जो भी इसे तोड़ने की कोशिश करेगा, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी केंद्रों पर पुलिस दल की तैनाती के इंतजाम पूरे कर लिए हैं। अगर कोई व्यक्ति दूसरे की जगह पेपर देता पाया तो उसे तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा शुरू होने से पूर्व सभी आवेदकों की एंट्री उनका एडमिट कार्ड (रोल नंबर) देखकर ही होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन ले जाने की इजाजत नहीं होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बड़ी संख्या में वीडियोग्राफरों का इंतजाम किया है, जो सभी परीक्षा केंद्राें पर परीक्षा के दौरान वीडियोग्राफी करेंगे एवं हर परीक्षार्थियों की पहचान कैमरे में रिकार्ड करेंगे।
परीक्षा को सुचारु ढंग से चलाने और पल-पल की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने के लिए 70 निरीक्षकोंको लगाया है। यदि किसी परीक्षार्थी को रोल नंबर नहीं मिलता तो वे 14 जून को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक और 15 जून को सुबह आठ से नौ बजे तक विश्वविद्यालय की स्थापना शाखा से डुप्लीकेट रोल नंबर प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए एक सत्यापित फोटो साथ लानी होगी।