कुरुक्षेत्र। नकली नोट बनाने की मशीन बेचने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का सीआईए दो की टीम ने पर्दाफाश किया है। टीम ने इस गिरोह के तीन आरोपियों को काबू किया है। इन आरोपियों में अमलोहा का रहना वाला शैंकी, महमदपुर निवासी संजीव उर्फ रिंकू व यमुनानगर के गांव गुदियानी के राहुल हैं। आरोपी लोगों को नकली नोट देकर दुकान पर सामान लाने के लिए भेज देते, जहां दुकानदार नोट को लेकर उन्हें सामान दे देता। इसके बाद आरोपी भोले-भाले लोगों को अपने झांसे में लेकर नकली नोट बनाने की मशीन खरीदने के लिए प्रेरित करते। लोग भी आसान तरीके से रुपये कमाने के चक्कर में उनके झांसे में आ जाते और भारी-भरकम दाम देकर मशीन खरीद लेते। बाद में पता चलता कि आरोपियों ने उन्हें मूर्ख बनाते हुए साधारण प्रिंटर थमा दिए हैं।
सीआईए दो के इंचार्ज मोहन लाल ने बताया पुलिस को लगातार इस प्रकार के मामलों की शिकायत मिल रही थी। शिकायत के आधार पर सीआईए टीम ने जांच के बाद उक्त आरोपियों को पकड़ने के लिए उनका पता लगाकर फर्जी मशीन का खरीदार तैयार किया और टीम भी उसके साथ मुस्तैद थी। फर्जी खरीदार से इशारा मिलते ही टीम ने अनाज मंडी शाहाबाद मौके पर पहुंच उक्त आरोपियों को काबू कर उनकी कार से नकली नोट बनाने की मशीन व उसमें प्रयोग होने वाले नोटों के आकर के कागज की गड्डी, कांच की प्लेट व स्याही बरामद कर जेल भेज दिया।