पुलिस ने नकली कागजात तैयार करके पासपोर्ट बनवाने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने नकली कागजात तैयार कर पंजाब के गैंगस्टर का पासपोर्ट बनवाया था। आरोपियों में विक्रम वर्मा वासी अशोक विहार अंबाला शहर, मोहित गुगलानी वासी गुरुनानक कॉलोनी पिहोवा व सुमित हाल वासी डकौली मोहाली (पंजाब) शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लैपटॉप, एक लाख 15 हजार रुपये व एक डायरी बरामद की है। विक्रम पासपोर्ट कार्यालय अंबाला का कर्मचारी था, मोहित लैपटॉप से नकली कागजात तैयार करता था और सुमित ग्राहक लाता था।
डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि 19 अप्रैल को थाना शहर पिहोवा पुलिस टीम को सूचना मिली कि हरेंद्र सिंह वासी गुरदासपुर (पंजाब) ने दीवान कॉलोनी पिहोवा का फर्जी पता देकर कागजात तैयार करके फरवरी 2020 में अपना पासपोर्ट बनाया था। सूचना पर पुलिस टीम ने रिकॉर्ड की जांच करके दीवान कॉलोनी में हरेंद्र सिंह के बारे में जानकारी प्राप्त की। यहां से पता चला कि दीवान कॉलोनी में हरेंद्र सिंह नाम का कोई भी व्यक्ति नहीं रहता है। पुलिस ने फर्जी कागजात तैयार करके पासपोर्ट बनवाने का मामला दर्ज करके इसकी जांच स्पेशल डिटेक्टिव सेल को सौंप थी। टीम ने जांच में पाया कि मोहित अपने साथी विक्रम व सुमित के साथ ये धंधा कर रहा है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार करके अदालत से तीन दिन का पुलिस रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी मोहित से एक लेपटॉप तथा एक लाख रुपये बरामद किए। आरोपी लैपटॉप में फर्जी कागजात तैयार करता था। वहीं आरोपी विक्रम वर्मा से 15 हजार रुपये तथा एक डायरी बरामद की। आरोपी डायरी में फर्जी पासपोर्ट बनाने का रिकॉर्ड रखता था। जबकि आरोपी सुमित ग्राहक लेकर आता था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। यहां बता दें उक्त तीनों आरोपियों ने पंजाब के गैंगस्टर हरमन प्रीत सिंह उर्फ हरमनजीत सिंह वासी अमरपुरा (अमृतसर) का भी नकली कागजात तैयार करके पासपोर्ट बनाया था, जिसमें आरोपियों ने गैंगस्टर के फर्जी कागजात तैयार करके वार्ड न. 14 फौजी प्लाट पिहोवा का पता लिखा था। मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने गैंगस्टर सहित उक्त तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था।