कुरुक्षेत्र। अतिथि अध्यापकों को नियमित करने की मांग को लेकर राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ ने 29 नवंबर को कुरुक्षेत्र में बड़ा प्रदर्शन करने का एलान किया है। इसमें हजारों नियमित और अतिथि अध्यापक शामिल होंगे और मुख्यमंत्री का घेराव करेंगे। बुधवार को लघु सचिवालय में अतिथि अध्यापकों का धरना 150वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान हिसार जिले के शिक्षकों ने 24 घंटे धरने की जिम्मेदारी संभाली। इसकी अध्यक्षता ईश्वर सिंह बरवाला ने की।
शिक्षक नेताओं ने आरोप लगाया कि नियमितीकरण को लेकर हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने गलत स्पीकिंग ऑर्डर जारी किए हैं। उन्होंने दावा किया कि अतिथि अध्यापक 16 और 18 जून 2014 की तीन वर्षीय नियमितीकरण नीति की सभी शर्तें पूरी करते हैं। उन्होंने कॉलेज कैडर के अतिथि प्राध्यापकों को इसी नीति के तहत नियमित करने का हवाला भी दिया। उन्होंने बताया कि प्रतीकात्मक विधानसभा में अतिथि अध्यापकों को नियमित करने का प्रस्ताव पारित किया गया है, जिसे विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को भेजा जाएगा। मांग पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।