संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। लघु सचिवालय के सभागार में लंबित विकास कार्यों को लेकर उपायुक्त नेहा सिंह ने शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लाडवा के साथ-साथ कुरुक्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर पूरी संजीदगी के साथ कार्य कर रहे हैं।
अगर अधिकारियों ने विकास कार्यों को निर्धारित समय अवधि के अंदर पूरा नहीं किया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इतना ही नहीं अधिकारियों को समय के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष फोकस रखना होगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग,नगर निकाय, मार्केटिंग बोर्ड और पंचायत विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों से विकास कार्यों को लेकर फीडबैक रिपोर्ट ली। उपायुक्त ने फीडबैक रिपोर्ट लेने के बाद अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि अब जिले में विकास कार्यों को गंभीरता से न लेने वाले अधिकारियों की खैर नहीं होगी। सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों के विकास कार्यों को तेज गति के साथ करवाना सुनिश्चित करें। ताकि सभी विकास कार्य निर्धारित समय अवधि के अंदर पूरा हो सके। अधिकारी अपने-अपने विभागों से संबंधित अब तक की विकास कार्यों की रिपोर्ट सात दिन के अंदर उपायुक्त कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित करेंगे, ताकि इस रिपोर्ट के आधार पर सात दिनों के बाद होने वाली विकास कार्यों की बैठक में फिर से समीक्षा की जा सके।
सड़कों पर सफेद पट्टी लगाना करें सुनिश्चित
उपायुक्त नेहा सिंह ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि धुंध के समय में सड़कों पर सफेद पट्टी लगवाना सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ-साथ लाडवा व रादौर रोड पर लाइटों का प्रबंध भी करवाया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को जल्द ठीक करवाना सुनिश्चित करें। इस मौके पर एडीसी सोनू भट्ट, नगराधीश डाॅ. रमन गुप्ता, एसडीएम लाडवा पंकज सेतिया, डीएसपी सुनील कुमार, बीडीपीओ लाडवा साहब सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।