कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की ओर से घोषित बीए प्रथम वर्ष के पहले सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में तीन दर्जन से अधिक विद्यार्थियों को अंग्रेजी और हिंदी में गैरहाजिर दिखाया है।
सवाल यह है कि अंग्रेजी और हिंदी दोनों ही विषयों में करीब 40 विद्यार्थी एक साथ परीक्षा देने नहीं आए। इसके पीछे या तो ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों या फिर केयू परीक्षा शाखा के कर्मियों की लापरवाही हो सकती है।
बहरहाल गलती किसी की हो, खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। गौरतलब है कि कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की ओर से बीए प्रथम वर्ष के पहले सेमेस्टर का परिणाम 31 मई को घोषित किया था। सबसे हैरानी की बात यह है कि गैरहाजिर दिखाए गए विद्यार्थी रोल नंबर 0003343901 से लेकर 0003343936 तक हैं।,
जबकि विद्यार्थी इस बात से इत्तफाक नहीं रखते और वे केयू की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। इस बारे में विद्यार्थी पंकज, मोहन और अजय ने बताया कि 28 नवंबर 2013 को इंग्लिश का एग्जाम हुआ था, जबकि दो दिसंबर 2013 को हिंदी की परीक्षा हुई थी।
छात्र पंकज ने सवाल उठाया कि पूरी क्लास एक ही विषय में गैरहाजिर कैसे हो सकती है। यहां लापरवाही बरती गई है।
उन्होंने न सिर्फ इंग्लिश और हिंदी दोनों ही विषयों का एग्जाम दिया, बल्कि अटेंडेंस चार्ट पर साइन किए थे। बावजूद इसके उसके सहित कई विद्यार्थियों को उपरोक्त दोनों की विषयों में गैरहाजिर दर्शाया है। पंकज के मुताबिक एक दो विद्यार्थी तो गैरहाजिर हो सकता है, लेकिन एक ही विषय में करीब 40 विद्यार्थी गैरहाजिर कैसे हो सकते हैं।
यह सब ड्यूटी पर तैनात स्टाफ की लापरवाही का परिणाम है। गौरतलब है कि पंकज ने बीए प्रथम वर्ष के पहले सेमेस्टर की परीक्षा 0003343916 के रोल नंबर पर दी है।
छात्र अजय का कहना है कि एक साथ तीन दर्जन से अधिक विद्यार्थियों का एग्जाम में गैरहाजिर होना कैसे मुमकिन है और वह भी एक ही (इंग्लिश और हिंदी) विषय में।
परीक्षा शाखा आए दिन अपनी कार्यशैली के कारण सुर्खियों में रहती है और अब इसी के कारण विद्यार्थियों को और भी अधिक परेशानियां उठानी पड़ रही है। रोल नंबर 0003343901 से करीब 36 तक विद्यार्थियों को इंग्लिश और हिंदी में गैरहाजिर होना ड्यूटी दे रहे शिक्षकों की लापरवाही का परिणाम है। केयू की परीक्षा शाखा सही ढंग से कार्य न करके विद्यार्थियों से खिलवाड़ कर रही है।
मोहन (रोल नंबर 0003343913) के अनुसार परीक्षा देेते समय अटेंडेंस चार्ट पर उनके साइन कराए थे और जब परीक्षा परिणाम घोषित हुआ तो उन्हें एक नहीं दो विषय में गैरहाजिर दिखाया है। छात्र ने बताया कि एक दो नहीं, बल्कि करीब 40 विद्यार्थियों को एक जैसे विषय में गैरहाजिर होना लापरवाही का प्रमाण है और अब अपनी गलती को छिपाने के लिए केयू परीक्षा शाखा ने विद्यार्थियों को गैरहाजिर दिखा दिया। शाखा में जाने पर कोई भी कर्मी सही ढंग से जवाब नहीं देते, जोकि उनके जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। एक तो विद्यार्थियों को उपस्थित होने पर भी गैरहाजिर दिखा दिया और जब इस बारे में पूछने जाओ तो कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिलता।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. हुकम सिंह ने कहा कि यह परिणाम बहुत दिन पहले आया था और शायद अब तक विद्यार्थियों की समस्या का समाधान हो गया है, जभी तो उनके पास कोई यह मामला लेकर नहीं आया बाकी शुक्रवार ऑफिस खुलने पर वे इसका पता करेंगे।