पिहोवा। क्षेत्र के गांव थाना गुजरां स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया है, जहां से सोने व चांदी के लाखों के आभूषण चोरी कर लिए गए। इनमें माता का छतर, चेन व नथ शामिल है। राजेंद्र कुमार निवासी थाना गुजरां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मंदिर कमेटी में कोषाध्यक्ष के तौर पर सेवा कर रहे हैं। सुबह करीब साढ़े छह बजे वह मंदिर में पूजा करने के लिए पहुंचा तो मां की मूर्ति से 10 तोले चांदी का छतर, करीब 15 तोले चांदी की गले की चेन व नथली और एक सोने का छतर गायब मिले। यह देख वह हैरान रह गया और अन्य पदाधिकारियों को भी इस संबंध में जानकारी दी। वहीं पुलिस को भी सूचित किया तो पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले गए, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया था।
घर से 25 हजार की नकदी व लाखों के जेवर ले उड़े चोर
लाडवा। डेरा लाडवा के एक घर में घुसकर चोर लाखों के जेवर व नकदी चुरा ले गए। सीमा रानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत रात करीब साढ़े तीन बजे चोर उनके घर में घुस गए और 25 हजार की नकदी के अलावा लाखों के आभूषण भी चुरा ले गए। चोरों ने घर में रखा गुल्लक भी नहीं छोड़ा, जिसमें करीब 20 हजार रुपये थे। यह देख वह हैरान रह गई और सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद