लाडवा- पिपली मार्ग पर एक लोहे के व्यापारी की दुकान से 40 लोहे के पाइप चोरी हो गए। इनकी कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। दूसरी ओर घर से 16 हजार रुपये और जिम से सामान चोरी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विशाल गोयल वासी लाडवा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि लाडवा-पिपली मार्ग पर बनी व्हाइट लिली स्क्वेयर परिसर में
40 लोहे के बोरिंग पाइप रखे थे, जिसे अज्ञात चोर वाहन में उठा कर ले गये। उनका एक कर्मचारी जगदीश उधर से आ रहा था तब उसने देखा कि उनकी 40 लोहे के बोरिंग पाइप गायब हैं। उन्होंने अपने तौर पर खोजबीन करके सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो एक कैंटर पिपली की ओर जाता दिखाई दिया, परंतु उसका नंबर दिखाई नहीं दे रहा था। मामले में चौकीदार की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रेम सिंह ने कहा कि केस दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही चोरों को काबू कर लिया जाएगा।
वहीं थाना बाबैन में दर्ज शिकायत में बलदेव सिंह वासी गुढ़ा ने बताया कि 26 जुलाई की रात वह अपने मकान के बरामदे में सोया हुआ था। उसकी कमीज बाहर खूंटी पर ही टंगी हुई थी, जिसमें 16 हजार रुपये रखे थे। रात करीब एक बजे कोई चोर उसके घर में घुसकर कमीज से 16 हजार रुपये चुरा ले गया। आहट सुनकर उसकी मां जागी तो चोर छत से कूदकर भाग गया।
थाना सदर पिहोवा में दर्ज शिकायत में जगमीत सिंह वासी गुमथला गढू ने बताया कि उसने गांव में जिम खोल रखी है। 20 जुलाई की रात चोर उसके जिम के कमरे का ताला तोड़कर दो क्विंटल वेट, आठ सेट डंबल व रॉड चुरा ले गए।