कुरुक्षेत्र। बैंक कर्मचारियों की सभी नौ यूनियनों के संयुक्त मंच, यूएफबीयू ( यूनाइटेड फॉर्म ऑफ बैंक यूनियन ) ने 27 जनवरी को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल का मुख्य कारण पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करना और सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करना है, साथ ही अन्य लंबित मांगों को भी लेकर रोष है। यूएफबीयू पदाधिकारी विनोद अरोड़ा ने बताया कि हड़ताल के दौरान पीएनबी शाखा, सेक्टर-13 और एसबीआई रीजनल बिज़नेस ऑफिस के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। 14 जनवरी को आईबीए (भारतीय बैंक संघ) के साथ हुई वार्ता में शेष दो शनिवारों को अवकाश देने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया, लेकिन पिछले दो वर्षों से कोई निर्णय नहीं लिया गया। साथ ही, 2015 में दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश घोषित करते समय शेष शनिवारों पर विचार करने का आश्वासन दिया गया था।
फरवरी 2023 में कार्यदिवसों में प्रतिदिन 40 मिनट कार्य समय बढ़ाने पर सहमति बनी थी, बावजूद इसके शेष शनिवारों को अवकाश घोषित नहीं किया गया। इस अवसर पर पीएनबी, एसबीआई, यूनियन बैंक और इंडियन बैंक के कई वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस मौके पर पंजाब नैशनल बैंक से नरोत्तम कुमार, विनोद अरोड़ा, अजय सभरवाल एवं अंग्रेज सिंह, भारतीय स्टेट बैंक से जसपाल सिंह, पंकज कुमार एवं विकास श्योकंद, यूनियन बैंक से दीपक गर्ग , इंडियन बैंक से प्रीतम सिंह मौजूद रहे।