कुरुक्षेत्र/पिपली। फैक्टरी मालिक की पिटाई करने के बाद लूट के मामले में आरोपियों की तलाश करने गई पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की की घटना सामने आई है। पुलिस ने इसे जांच प्रक्रिया के दौरान हुई स्थिति बताया और स्पष्ट किया कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-दो स्थित लाहौरी जीरा फैक्टरी के मालिक धर्मपाल ने शिकायत दी थी कि 21 मई की रात फैक्टरी में कार्यरत हिमांशु उर्फ राहुल, उसके भाई राघव व अन्य 3-4 युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर उनकी पिटाई की और करीब डेढ़ लाख रुपये छीनकर भाग गए। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इसी क्रम में सेक्टर-चार चौकी प्रभारी पीएसआई मलकीत सिंह की टीम आरोपियों की तलाश में पिपली पहुंची थी।
पूछताछ के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस टीम और कुछ लोगों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। लोगों ने पुलिस पर सादी वर्दी में जबरन घर में घुसने के आरोप भी लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है।