कुरुक्षेत्र। कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) के लिए आवेदन की अंतिम तारीख पर शनिवार को बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया। अंतिम दिन फार्म भरने की होड़ सी मच गई। जिले के सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) केंद्रों पर सुबह से ही युवाओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
युवाओं की सबसे बड़ी परेशानी जाति प्रमाणपत्र के लिए रही। कई युवाओं ने बताया कि सरल पोर्टल ठीक से काम नहीं कर रहा, जिस कारण उनका जाति प्रमाणपत्र समय पर अपडेट नहीं हो सका। इसके चलते उन्हें मजबूरी में सामान्य (जनरल) कैटेगरी में ही आवेदन करना पड़ा। सीएससी केंद्रों के संचालकों का कहना है कि अंतिम दिन तक फार्म भरवाने के लिए उन्हें देर रात तक काम करना पड़ा। कई जगह साइट स्लो होने से फार्म भरने में काफी समय लगा।
युवाओं का कहना है कि सरकार को पहले से पता था कि सरल पोर्टल में दिक्कतें आ रही हैं, बावजूद इसके समाधान नहीं निकाला गया। इससे हजारों छात्रों को नुकसान हुआ। वहीं कुछ छात्रों ने यह भी बताया कि उनके दस्तावेज समय से बनकर तैयार थे, लेकिन अपलोड न होने की वजह से उन्हें फार्म भरने और डाउनलोड करने में परेशानी आई। पहले इसमें आवेदन करने की अंतिम तिथि 12 जून थी तो पोर्टल में दिक्कत और युवाओं के आह्वान सरकार ने दो दिन और बढ़ा दिए थे।