कुरुक्षेत्र। नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) कर्मियों की हड़ताल की वजह से स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल अपडेट नहीं हो पा रहे हैं साथ ही पोर्टल के तहत होने वाली कईं तरह की जांच भी बाधित हो रही है। हड़ताल का ज्यादा असर ग्रामीण क्षेत्र में पड़ रहा है। यहां हेल्थ वेलनेस सेंटर पर ग्रामीणों की जांच व इलाज न होने से वे शहर में आने को मजबूर हैं।
जिले के करीब 600 एनएचएम कर्मियों के हड़ताल पर जाने से स्वास्थ्य विभाग के मुख्य छह पोर्टल यू-विन, एनसीडी, निरोगी हरियाणा, ई-संजीवनी परामर्श, एचडब्ल्यूसी और आईडीएसपी के पोर्टल पर किसी तरह की अपडेट नहीं हो रही है। पोर्टल पर डाटा अपडेट न होने से मरीजों के इलाज पर भी असर पड़ रहा है। इसके अलावा जिले की 32 एंबुलेंस बगैर ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) के दौड़ रही हैं। एनएचएम कर्मियों के आधार पर चलने वाले स्कूल स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम समेत, टीबी विभाग में सीबी नॉट टेस्ट, दवा वितरण, एनीमिया जांच, बाल विभाग और हेल्थ वेलनेस सेंटर का कार्य प्रभावित रहा है।
उधर, एनएचएम कर्मी दावा कर रहे हैं कि उनकी हड़ताल से अन्य कर्मियों पर काम का बोझ पड़ रहा है। उनके साथ मरीजों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसलिए विभाग ने पोर्टल अपडेट न करने के लिए पत्र तक जारी कर दिया है। वहीं एनएचएम कर्मी वीरवार को भी सीएमओ कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करते रहे। सुबह के समय रोहतक से आए एमपीएचई के राज्य पदाधिकारियों ने उनको समर्थन दिया। वे उनके साथ धरना पर भी बैठे रहे।
एनएचएम के तहत कार्यरत डॉ. सुरेश शर्मा ने बताया कि हड़ताल के चलते यू-विन पोर्टल अपडेट नहीं हो रहा है। इसके तहत बच्चों को विभिन्न बीमारियों से बचाने के लिए होने वाले टीकाकरण का डाटा अपडेट करना होता है, मगर हड़ताल से टीकाकरण का कार्य भी मंद है। एनसीडी पोर्टल पर बीपी, शुगर, कैंसर समेत गैर संक्रामक रोग की जांच और अपडेट नहीं हो रही है। निरोगी हरियाणा पोर्टल के तहत चलने वाली नेशनल मोबाइल मेडिकल वैन नहीं चल पा रही है। हड़ताल के कारण वैन अस्पताल में खड़ी हैं। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्र में लोगों के रक्त के सैंपल लिए जाते हैं।
बताया कि ई-संजीवनी पोर्टल पर भी कोई अपडेट नहीं हो रही है। इस पोर्टल के तहत कोई भी व्यक्ति किसी भी विशेषज्ञ चिकित्सक से अपनी बीमारी के बारे में परामर्श ले सकता है। इसमें प्रति माह एक सेंटर से करीब 25 कॉल दर्ज होती है। सेंटर के तहत लगने वाले स्वास्थ्य मेले की पूर्व सूचना पोर्टल पर नहीं डाली जा रही है। इसके अलावा एनीमिया जांच और आईडीएसपी के तहत ग्रामीण क्षेत्र में होने वाली डेंगू व मलेरिया की जांच पर भी असर पड़ रहा है। हालांकि डेंगू व मलेरिया में अधिकतर नियमित कर्मी कार्य कर रहे हैं, मगर कई ग्रामीण क्षेत्र में असर दिख रहा है।
सरकार की सद्बुद्धि की कामना के लिए करेंगे हवन : पंकज
संघ के राज्य कोषाध्यक्ष पंकज आत्रेय ने बताया कि आज शुक्रवार को एनएचएम कर्मी सरकार की सद्बुद्धि की कामना के लिए हवन-यज्ञ करेंगे। साथ ही आगे की हड़ताल को लेकर अगली रणनीति भी तय की जाएगी। उनकी हड़ताल से जिले में 10 से ज्यादा सेवाएं प्रभावित हैं तो कई ठप पड़ी हैं। अगर सरकार उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक फैसला करती तो हड़ताल जारी रहेगी।