रेलवे रोड स्थित पर एक ज्वैलर्स की दुुकान की मोंटी तोड़कर शातिर चोर 200 ग्राम सोना व साढ़े तीन किलो चांदी पर हाथ साफ कर गए। यही नहीं, सीसीटीवी कैमरा की डीवीआर तोड़कर हार्ड डिस्क भी साथ ले गए, ताकि कोई सुराग न लगे। सुभाष मंडी चौकी पुलिस ने दुकान मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोल्डी स्वर्णकार के मालिक व विज कॉलोनी निवासी रामधन वर्मा ने बताया कि रोजाना की तरह वीरवार रात करीब आठ बजे दुकान को बंद कर अपने घर चला गया। जैसे ही शुक्रवार सुबह उसने दुकान को खोला तो सामान बिखरा हुआ मिला और 200 ग्राम सोना व साढ़े तीन किलो चांदी गायब मिली। उन्होंने बताया कि वीरवार देर रात कई चोरों ने देर रात उसकी दुकान की छत पर बनी मोंटी को तोड़कर दुकान में घुस गए और दुकान के काउंटर में रखे 200 ग्राम सोना व साढ़े तीन किलोग्राम चांदी पर अपना हाथ साफ कर गए, जिनकी कीमत करीब नौ लाख बताई जा रही है। यही नहीं, अपने बचाव के लिए उन्होंने दुकान में रखी सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर को भी तोड़ दिया और हार्ड डिस्क को अपने साथ ले गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने साक्ष्य जुटाएं। जिला सर्राफा एसोसिएशन के जिला प्रधान मनोज गोयल ने पुलिस प्रशासन से जल्द चोरों को पकड़ने की अपील की है और बाजारों में पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की है।
वहीं, सुभाष मंडी चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि चोरों ने छत पर बनी मोंटी का दरवाजा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आस-पास की दुकानों एवं चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही चोरों को काबू किया जाएगा।