कुरुक्षेत्र। कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने में पुलिस प्रशासन के तेवर जैसे ही ढीले पड़े, लोगों का वैक्सीनेशन के प्रति रुझान भी घट गया। वजह यह कि पिछले कुछ दिनों से स्वास्थ्य विभाग का वैक्सीनेशन अभियान कमजोर होने लगा है। जिले में 98 हजार 396 लोग अब भी टीके की दूसरी डोज से वंचित हैं। 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के 58 हजार में से 40 हजार 453 किशोरों को वैक्सीन दी जा चुकी है। वहीं, 31 हजार से अधिक स्वास्थ्यकर्मी, फ्रंटलाइन वर्कर और 60 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों को एहतियाती डोज लगाई जानी है, लेकिन पिछले चार दिनों में महज 936 लोगों को एहतियाती डोज लगाई गई है।
ओमिक्रॉन के खतरे को भांपते हुए सरकार ने एक जनवरी से सख्ती बरतने के आदेश दिए तो टीकाकरण केंद्रों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रतिदिन स्वास्थ्य विभाग 10 हजार से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन की डोज देने लगा था, लेकिन अब पिछले कुछ दिनों से हालात ऐसे बन गए हैं कि वैक्सीनेशन सेंटर पर इक्का-दुक्का लोग ही वैक्सीन लगवाने पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार वीरवार को 139 लोगों को वैक्सीन की एहतियाती डोज, 15 से 17 आयु वर्ग के 1342 किशोरों को पहली डोज, 18 वर्ष से अधिक आयु के 1305 लोगों को पहली और 2709 को दूसरी डोज लगाई गई। अब तक सात लाख 26 हजार 248 लोगों को पहली और पांच लाख 30 हजार 916 लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है।